चोरी चंद्रपुर में, पकड़ाया वर्धा में यवतमाल का बदमाश

wardha वर्धा, 2 फरवरी
चंद्रपुर जिले के वरोरा तहसील से चोरी हुई एक कार को वर्धा महामार्ग पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए जब्त किया है। इस मामले में कार चोरी के आरोपी को वर्धा जिले के आजंती परिसर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी और जब्त की गई कार को आगे की जांच के लिए चंद्रपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिर्यादी प्रभाकर येरणे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कार क्रमांक एमएच-46-जेड-9416 और उसमें रखी 60 हजार रुपये नकद राशि 22 जनवरी को चंद्रपुर जिले के खांबाडा क्षेत्र से चोरी हो गई थी। इस मामले की जांच वरोरा पुलिस द्वारा की जा रही थी।

इसी बीच 2 फरवरी को जाम महामार्ग पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी. तब चोरी की यह कार वर्धा जिले की सीमा में प्रवेश करती दिखाई दी। जाम महामार्ग पुलिस को कार चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे जाम चौक पर रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कार लेकर फरार होने का प्रयास किया।

पुलिस ने तुरंत पीछा कर कार को आजंती परिसर में रोका। जांच के दौरान कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी होने की बात सामने आई। संदेह के आधार पर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रमोद अजाबराव मडावी (उम्र 40 वर्ष) , निवासी पाटनबोरी, तहसील केलापुर, जिला यवतमाल बताया। आरोपी को जाम पुलिस सहायता केंद्र लाया गया। आगे की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कार वरोरा तहसील से चोरी की गई थी।

इसकी जानकारी तुरंत चंद्रपुर के जांच अधिकारी को दी गई। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी प्रमोद मडावी और चोरी की गई कार को चंद्रपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!