- इमारत नंबर दो में हादसा
- 3 फायर ब्रिगेड दल पहुंचा
- अलर्ट रहने से आग पर काबू पाया
- धुएं में बदला अस्पताल परिसर
wardha वर्धा, 23 दिसम्बर
शहर के सामान्य रुग्णालय की इमारत क्रमांक दो में सोमवार को आग लगने की घटना सामने आई, जिसे समय रहते काबू में कर लिया गया। आग लगने की सूचना मिलते ही सतर्कता बरती गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल की दूसरी मंजिल पर स्थित स्टोर रूम में आग लगी थी। इसी स्टोर रूम के पास बाल रोग विभाग स्थित था, जिससे स्थिति अत्यंत गंभीर बन सकती थी। आग की चपेट में आकर स्टोर रूम में रखे रिकॉर्ड तथा दवाइयों के बॉक्स जलकर खाक हो गए।
आग का धुआं दिखाई देते ही तुरंत इमारत में मौजूद मरीजों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया। इमारत में मौजूद कुल 10 मरीजों को तत्काल बाहर निकाला गया, जिनके साथ उनके परिजन भी थे। इस प्रकार कुल 33 नागरिकों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया।
आग लगते ही सबसे पहले अस्पताल के कर्मचारियों एवं वहां मौजूद नागरिकों ने आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद वर्धा नगर पालिका के अग्निशमन दल को सूचना दी गई। अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। तत्पश्चात नगर पालिका के अग्निशमन विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझाने के लिए वर्धा नगर परिषद के अलावा सेलू नगर पंचायत, देवली नगर परिषद से भी फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया गया था ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, अग्निशमन दल तथा संबंधित अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर इमारत की विद्युत आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका।
उल्लेखनीय है कि इमारत के भूतल पर एक्स-रे और सिटी स्कैन विभाग, पहली मंजिल पर स्त्री रोग शल्य विभाग तथा दूसरी मंजिल पर बाल रोग विभाग संचालित है। बाल रोग विभाग से सटे स्टोर रूम में आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना, लेकिन त्वरित कार्रवाई के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
