हिंगणघाट , 11 अक्टूबर जिले के हिंगणघाट में स्थानीय अपराध दल की टीम ने एक घर से गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने महात्मा फुले वार्ड निवासी संदीप उर्फ आऊ सिद्धार्थ जनबंधु के घर पर एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत छापेमारी की। इस दौरान उसका साथी जय भोपले, निवासी खंडोबा वार्ड, भी मौके पर उपस्थित था।
तलाशी में पुलिस को एक प्लास्टिक की थैली में 1 किलो 40 ग्राम गांजा मिला। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने यह गांजा नागपुर के टेकानाका क्षेत्र में रहने वाले राजु से खरीदा था और खरीद के लिए एम.एच. 32 ए.यू. 3196 नंबर की बाइक का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान 1 किलो 40 ग्राम गांजा, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद माल का कुल मूल्य 1,51,800 रुपये आंका गया।
सभी आरोपियों के खिलाफ हिंगणघाट पुलिस स्टेशन में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी, उपनिरीक्षक विजयसिंग गोमलाडु, अरविंद येनुरकर, रोशन निंबोलकर, रवि पुरोहित और अभिषेक नाईक द्वारा की गई।
