- नशे के तस्करों में मची खलबली
- यात्रियों में भय , उत्सुकता जागी
Nagpur नागपुर, 23 सितम्बर
रोज की तरह चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर रेलवे स्टेशन पर आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस पहुंची। इसी बीच कुछ ही पलों में पुलिस की टीम अचानक ट्रेन के डिब्बों में दाखिल हुई।
पुलिस के साथ प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड को देखकर यात्रियों में भी उत्सुकता बढ़ गई, जबकि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में खलबली मच गई।
बुधवार, 23 सितंबर को सुबह 10.30 से 11.30 बजे के बीच बल्लारपुर रेलवे स्टेशन पर चंद्रपुर पुलिस और रेलवे पुलिस ने संयुक्त रूप से यह सघन तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय अपराध शाखा चंद्रपुर, बल्लारपुर पुलिस थाने की अपराध प्रकटीकरण टीम, जिला पुलिस डॉग स्क्वॉड के साथ जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस (20805) को खंगाला।
ट्रेन के स्लीपर और जनरल कोच में पुलिस टीम के पहुंचते ही यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच शुरू कर दी गई। डॉग स्क्वॉड के प्रशिक्षित श्वान अर्जुन और मंगल की मदद से यात्रियों तथा उनके सामान की गहन तलाशी ली गई। पुलिस की अचानक कार्रवाई से कुछ समय के लिए ट्रेन के डिब्बों में हलचल का माहौल बन गया।
इस तलाशी अभियान के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि पुलिस की नजर रेलवे मार्ग पर भी बनी हुई है। जांच के दौरान किसी भी प्रकार का मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। हालांकि, रेलवे मार्ग का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन को रोकने के लिए पुलिस द्वारा इस तरह के संयुक्त तलाशी अभियान नियमित रूप से चलाने की तैयारी रखी गई है।
यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चंद्रपुर पुलिस ने रेलवे मार्ग पर भी अपनी निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।
