- भाजपा की ऐतिहासिक जीत,
- सभी चार सीटों पर कब्जा
- कुणावार और भोयर की हेट्रिक
- बकाने और वानखेडे को पहला माैका
Wardha वर्धा 23 नवंबर :
वर्धा जिले की चार विधानसभा सीटों पर 2024 के चुनाव में ऐतिहासिक परिणाम सामने आए हैं। इस चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी चार सीटों पर जीत दर्ज की है।
वर्धा विधानसभा में डॉ. पंकज भोयर की हैट्रिक
वर्धा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के डॉ. पंकज भोयर ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के शेखर शेंडे को 7470 वोटों से पराजित किया। डॉ. पंकज भोयर को कुल 92,067 वोट मिले, जबकि शेखर शेंडे को 84,597 वोट मिले। यह जीत भाजपा के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हुई है।
आर्वी में सुमित वानखेडे की शानदार जीत
आर्वी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सुमित वानखेडे ने 1,01,397 वोटों के साथ जीत दर्ज की। उन्होंने राकांपा एसपी गुट की मयुरा काले को 39574 वोटों से हराया, जो भाजपा के लिए बड़ी जीत रही।
हिंगणघाट में समीर कुणावार ने तीसरी बार की जीत
हिंगणघाट विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा के समीर कुणावार ने तीसरी बार जीत हासिल की। उन्होंने राकांपा एसपी गुट के उम्मीदवार अतुल वांदिले को 30094 वोटों से हराया। कुणावार को कुल 114578 वोट मिले, जबकि वांदिले को 84484 वोट प्राप्त हुए।
देवली में कांग्रेस का वजूद समाप्त
देवली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के उम्मीदवार राजेश बकाने ने कांग्रेस के विधायक रणजीत कांबले को 9308 वोटों से हराया। बकाने को कुल 90319 वोट मिले, जबकि कांबले को 81011 वोट मिले। इस हार के साथ वर्धा जिले में कांग्रेस का सफाया हो गया है।
गांधी जिले से कांग्रेस का सुपड़ा साफ
वर्धा जिले में 2024 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार विजयी हुए हैं, जिससे महाविकास आघाड़ी का सूपड़ा साफ हो गया। कांग्रेस और राकांपा एसपी गुट के दो उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा।
वर्धा, आर्वी, देवली और हिंगणघाट निर्वाचन क्षेत्रों में से तीन में मतगणना शुरू होते ही भाजपा के उम्मीदवारों ने बढ़त बनाई। केवल वर्धा विधानसभा में कांग्रेस के उम्मीदवार शुरुआती बढ़त में थे, लेकिन 13वीं फेरी के बाद भाजपा ने बढ़त ले ली और अंत तक अपनी स्थिति मजबूत की।
भा.ज.पा. के डॉ. पंकज भोयर (वर्धा) और समीर कुणावार (हिंगणघाट) ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की, जबकि आर्वी से सुमित वानखेडे और देवली से राजेश बकाने ने पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इन दोनों ने अपनी पहली ही कोशिश में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।