- छत्तीसगढ़ से अकेली ही निकल पड़ी थी
- नागपुर रेल्वे स्टेशन पर सतर्कता से मिली
*Nagpur नागपुर, 24 अगस्त 2026*
पिता ने छोटी-सी बात पर फटकार लगाई और 16 साल की नाबालिग बेटी ने घर छोड़ दिया. लेकिन माता पिता को उस समय राहत मिली, जब पता चला कि उनकी बेटी नागपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित है.
नागपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची ट्रेन के यात्रियों की टिकट की जांच हेड टिकट परीक्षक बलवंत देशमुख कर रहे थे. तब टिकट पूछताछ में देशमुख ने नाबालिग बालिका से भी टिकट मांगी, लेकिन पूछताछ करने पर बालिका रोने लगी. विस्तार से बातचीत में बालिका ने बताया कि वह अपने पिता द्वारा डांटे जाने के बाद संडी (खैरागढ़), छत्तीसगढ़ स्थित अपने घर से निकल गई थी। उस समय वह स्कूल की ड्रेस में थी।
स्थिति की संवेदनशीलता को समझते हुए टिकट जांच कर्मचारियों ने नाबालिग बालिका की सुरक्षा एवं कुशलक्षेम सुनिश्चित की तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसे आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए भोपाल आरपीएफ को सुरक्षित रूप से सौंप दिया।
मध्य रेलवे अपने टिकट जांच कर्मचारियों की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई की सराहना करता है। इस प्रकार का समय पर किया गया हस्तक्षेप बच्चों एवं अन्य जरूरतमंद तथा संवेदनशील यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
