कुख्यात आरडीएक्स को भेजा गया येरवडा जेल

wardha वर्धा, 14 अगस्त 2026
: विभिन्न गंभीर अपराधों में शामिल रहने और क्षेत्र में दहशत पैदा करने वाले कुख्यात अपराधी अक्षय उर्फ आर.डी.एक्स. पटेल (30) के खिलाफ महाराष्ट्र झोपड़पट्टीदादा, हाथभट्टीवाले, औषधि अपराधी, खतरनाक व्यक्ति और वीडियो पाइरेसी करने वाले व्यक्तियों की विघातक गतिविधियों पर अंकुश लगाने संबंधी अधिनियम (MPDA) के तहत कार्रवाई की गई है। स्थानबद्धता के आदेश जारी होने के बाद उसे 12 अगस्त को पुणे स्थित येरवडा मध्यवर्ती कारागार भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में 18 अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। वहीं, वर्ष 2026 में यह छठी MPDA कार्रवाई है।

बोरगांव मेघे के सातपुते लेआउट क्षेत्र निवासी अक्षय उर्फ आर.डी.एक्स. के खिलाफ वर्ष 2022 से अब तक करीब 16 गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसके खिलाफ कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक, वह हत्या के प्रयास, डकैती, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट तथा क्षेत्र में दहशत पैदा करने जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है।

उसकी आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में पैदा किए जा रहे भय को देखते हुए शहर पुलिस ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल के माध्यम से जिलाधिकारी के समक्ष स्थानबद्धता का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। इस प्रस्ताव पर जिलाधिकारी वान्मथी सी. ने मुहर लगा दी। इसके बाद स्थानबद्धता आदेश जारी कर अक्षय उर्फ आर.डी.एक्स. पटेल को येरवडा मध्यवर्ती कारागार भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!