wardha वर्धा 23 मई
वर्धा में नशे के कारोबार के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा को बड़ी सफलता मिली है। एमडी ड्रग्स बेचने वाले एक शातिर आरोपी और उसकी पत्नी को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 18 हजार रुपये मूल्य का एमडी ड्रग्स बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय अपराध शाखा को गुप्त सूचना मिली थी कि मॉडल हाईस्कूल के पास अशोक नगर, तारफैल क्षेत्र निवासी रहीम शेख अपने घर से एमडी ड्रग्स का कारोबार चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी के घर पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान शेख रहीम शेख राशीद (42) और उसकी पत्नी शहाना जाफीर शेख (36) को एमडी ड्रग्स बेचते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों को यह एमडी ड्रग्स वसीम अहमद खान पठान नामक व्यक्ति ने उपलब्ध कराया था।
पुलिस ने मौके से एमडी ड्रग्स सहित करीब 18 हजार रुपये का माल जब्त किया है। इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ वर्धा शहर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी, सहायक पुलिस निरीक्षक आशिषसिंह ठाकुर, पुलिस उपनिरीक्षक सलाम कुरेशी तथा पुलिस कर्मियों अरविंद येनुरकर, रोशन निंबोलकर, रवि पुरोहित, सागर भोसले, अक्षय राऊत, अभिषेक नाईक और नीलिमा उमक की टीम ने अंजाम दी।
