- नागपुर के दो आरोपी गिरफ्तार
wardha वर्धा, 20 अप्रैल
“गांधी जिले” में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। स्थानीय अपराध शाखा ने नागपुर से गांजा लेकर आ रहे दो तस्करों को फिल्मी अंदाज में धर दबोचा। यह कार्रवाई 19 अप्रैल को की गई।विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने समुद्रपुर तहसील के मौजा कानकाटी चौक, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर जाल बिछाया।
जैसे ही संदिग्ध ऑटो (MH 49 CF 3611) वहां पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे घेर लिया। तलाशी के दौरान ऑटो में छिपाकर लाया जा रहा 2 किलो 101 ग्राम गांजा बरामद हुआ।इस दौरान नागपुर के आदर्श नगर निवासी शेख अलीम शेख रमजान (62) और पाचपावली निवासी सत्तार खान गौस खान (57) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ऑटो, मोबाइल सहित कुल 4,12,525 रुपये का माल जब्त किया।इस कार्रवाई को सौरभ कुमार अग्रवाल के निर्देश और सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक विनोद चौधरी और उनकी टीम ने पूरी सटीकता के साथ ऑपरेशन को सफल बनाया।पुलिस के अनुसार, जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र मजबूत किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए समुद्रपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
