wardha वर्धा 29 जनवरी
पुणे से नागपुर की ओर जा रही एक ट्रैवल्स को समृद्धि महामार्ग पर गणेशपुर परिसर में रोककर चंद्रपुर के एक नगरसेवक, उनकी पत्नी, अन्य नगरसेवकों और मित्रों को जान से मारने की धमकी दिए जाने की घटना सामने आई है। यह घटना गुरुवार सुबह करीब 6 बजे की है।
इस मामले में चंद्रपुर निवासी नगरसेवक राजेश मुरली अडुर (37) ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, राजेश अडूर अपनी पत्नी अश्विनी, नगरसेवक मित्र सचिन कत्याल, सोफिया खान, अब्दुल करीम शेख, वसंता देशमुख, करिश्मा जंगम तथा अन्य नगरसेवकों के साथ पुणे से ट्रैवल्स (क्रमांक एमएच-40/सीपी-9924) द्वारा समृद्धि महामार्ग से होते हुए नागपुर के रास्ते चंद्रपुर लौट रहे थे।
इसी दौरान चार से पांच निजी वाहनों में सवार आरोपियों ने गणेशपुर परिसर में उनकी ट्रैवल्स को रोक लिया। राजेश अडूर के अनुसार, कार क्रमांक एमएच-32/वाई-1034, एमएच-40/केआर-8979 तथा कार क्रमांक 6808 घटनास्थल पर मौजूद थीं। सड़क अवरुद्ध होने के कारण ट्रैवल्स चालक को वाहन रोकना पड़ा।
आरोपियों के वाहनों से सौरभ अरुण ठोंबरे, निवासी विट्ठल मंदिर वार्ड, चंद्रपुर तथा 10 से 15 अन्य लोग नीचे उतरे। सौरभ ठोंबरे ने अडूर से जबरन “हमारे साथ चलो” कहकर दबाव बनाया। जब अडुर ने कारण पूछा तो उसने “सोहेल भाई शेख से बात करो” कहते हुए अन्य युवकों को बुलाया। इसके बाद सभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए साथ न चलने पर जान से मारने की धमकी दी।
विवाद के बाद अडुर और उनके साथियों ने शोर मचाया, जिससे आरोपी अपने वाहन लेकर फरार हो गए। हालांकि, उनमें से एक युवक को पकड़ लिया गया, जिसने अपना नाम कोनेन शमीम सिद्दीकी (21), निवासी इंदिरानगर, घुग्गुस, जिला चंद्रपुर बताया। उसने अपने साथियों के रूप में मुजम्मौल खान (मोमीनपुरा), जासीम खान (मानकापुर), आलोक रोहिदास (अजनी), अदनान शेख (मानकापुर) और सौरभ के नाम बताए।
घटना की सूचना मिलने पर सावंगी पुलिस मौके पर पहुंची। नगरसेवक राजेश अडुर की शिकायत पर सौरभ ठोंबरे, कोनेन शमीम सिद्दीकी सहित अन्य 10–15 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 126(2), 189(2), 190, 351(3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
