वर्धा में कामगारों के लिए बनेगी कॉलोनी

पालक मंत्री पंकज भोयर ने दिए आदेश

Wardha वर्धा, 19 दिसम्बर
वर्धा जिले के पंजीकृत निर्माण कामगारों के लिए स्वतंत्र और नियोजित कामगार कॉलोनी खड़ी करने के निर्देश पालकमंत्री तथा राज्य के गृह निर्माण राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने नागपुर म्हाडा के कार्यकारी अधिकारियों को दिए। स्वाभिमानी निर्माण कामगार संघटना एवं अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस संबंध में पालकमंत्री डॉ. भोयर के पास मांग रखी थी।

जिले में बड़े पैमाने पर निर्माण कामगार कार्यरत हैं, जबकि ये कामगार और उनके परिवार वर्तमान में अत्यंत गरीबी की स्थिति में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। कई कामगार किराए की कोठरियों में, झोपड़पट्टियों में या सीधे निर्माण स्थलों पर असुरक्षित आश्रयों में रहते हैं। बढ़ती घरभाड़ा, मूलभूत सुविधाओं का अभाव तथा स्वास्थ्य व शिक्षा संबंधी समस्याओं के कारण कामगारों का जीवन स्तर गिरता जा रहा है। महाराष्ट्र इमारत एवं अन्य निर्माण कामगार (रोजगार एवं सेवा शर्तें) अधिनियम 1996 तथा निर्माण कामगार कल्याण मंडल के उद्देश्यों के अनुसार पंजीकृत कामगारों के कल्याण के लिए आवास सुविधा प्रदान करना आवश्यक है। लेकिन वर्धा शहर एवं आसपास के क्षेत्र में आज तक पंजीकृत निर्माण कामगारों के लिए स्वतंत्र कामगार कॉलोनी अस्तित्व में नहीं है, यह बात गंभीर है, ऐसा निवेदन में उल्लेख किया गया है।

निवेदन में वर्धा शहर के निकट सरकार की स्वामित्व वाली या उपलब्ध भूमि पर कामगार कॉलोनी खड़ी की जाए, उक्त कॉलोनी में पक्के घर, स्वच्छ पानी, बिजली, शौचालय, सड़कें, स्ट्रीट लाइट्स, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी तथा प्राथमिक शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ऐसी मांग की गई है। साथ ही महाराष्ट्र इमारत एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण मंडल के धन से या सरकार की विशेष गृह निर्माण योजनांतर्गत इस परियोजना को मंजूरी दी जाए, ऐसी भी मांग की गई है। पात्र पंजीकृत निर्माण कामगारों को पारदर्शी तरीके से घरों का वितरण किया जाए तथा इस संबंध में जिला स्तरीय समिति गठित कर कामगार संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए, ऐसी मांग निवेदन से की गई है।

निर्माण कामगार समाज का रीढ़ हैं और उनके श्रम पर ही शहरों का विकास खड़ा है। उन्हें सम्मानपूर्वक, सुरक्षित एवं स्थिर आवास उपलब्ध कराना सरकार की सामाजिक जिम्मेदारी है, ऐसा उल्लेख कर इस विषय पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ऐसी अपेक्षा व्यक्त की गई है। कामगारों की इस मूलभूत मांग की ओर गृह निर्माण राज्यमंत्री तथा पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने गंभीरता से ध्यान देते हुए नागपुर म्हाडा के कार्यकारी अधिकारियों को इस संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जयंत कावले, सालोड़ के उपसरपंच आशीष कुचेवार, अपर कामगार आयुक्त किशोर दहीफलकर, कामगार अधिकारी सीमा पांडे, जिप के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमोल भोसले, कामगार विभाग के सचिन अरबट, श्रीमती पोराटे, स्वाभिमानी निर्माण कामगार संघटना के उमेश अग्निहोत्री, इमारत निर्माण कामगार संघटना के यशवंत झाडे, संत भाकरे महाराज संघटना के विक्की लसुंते, जनवादी निर्माण संघटना के महेश दुबे, नितिन डफरे, प्रशांत रामटेके एवं अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!