Wardha वर्धा, 26 नवम्बर
जिले के आष्टी से थार मार्ग पर आडनाला इलाके में झाड़ियों में छिपे दो भालुओं ने बाइक पर सवार पिता-पुत्र पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना 26 तारीख को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। घायल दोनों ने शोर मचाते हुए लगभग एक घंटे तक भालुओं से संघर्ष किया, जिसके बाद भालू वहां से भाग गए।
पीछे से आ रहे कपास व्यापारीयों ने दोनों घायलों को अपनी गाड़ी में बैठाकर आष्टी ग्रामीण अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।विस्तार से जानकारी के अनुसार, आष्टी के इंदिरा नगर निवासी सदाशिव शेलकी और उनका पुत्र सागर शेलकी दोनों बकरियां खरीदने के लिए थार गांव गए थे। वापस आते समय,
जब वे बाइक से आष्टी की दिशा में लौट रहे थे, उसी दौरान आडनाला हैंडपंप के पास झाड़ियों में छिपे भालुओं ने उन पर झपट्टा मारा और जोरदार हमला कर दिया। पिता-पुत्र ने बड़ी मुश्किल से एक घंटे तक मुकाबला किया, लेकिन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी समय, कपास व्यापारीयों की एक चारपहिया गाड़ी उधर से गुजर रही थी। उन्होंने इंसानियत के नाते घायल दोनों को गाड़ी में बिठाकर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वनपाल विकास चौधरी और बिट गार्ड राम गायकवाड़ मौके पर पहुंचे, निरीक्षण किया और पंचनामा तैयार किया।
घायल सदाशिव शेलकी (आयु 50 वर्ष) और सागर शेलकी (आयु 28 वर्ष) को आगे के इलाज के लिए अमरावती भेजा गया है।आष्टी से थार मार्ग पर वन्यजीवों का दिखना आम बात हो गई है, लेकिन अब वे मानवों पर हमला करने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से इन जंगली प्राणियों की सुरक्षा और नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है।
