Wardha वर्धा, 12 अक्टूबर 2026
फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश पर रकम दोगुनी-तिगुनी करने का लालच देकर आर्वी तहसील के नांदपुर निवासी ठेकेदार अभिषेक वानखड़े (33) से 15 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में आर्वी पुलिस ने मुंबई निवासी हर्षल गोपीचंद निखालजे के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अभिषेक की वर्ष 2021 से आरोपी हर्षल से पहचान थी। आरोपी ने फॉरेक्स ट्रेडिंग और विदेशी कारोबार में निवेश के जरिए रकम दोगुनी-तिगुनी करने का भरोसा दिलाया था। पांच लाख रुपये निवेश करने पर 10 लाख रुपये लौटाने का आश्वासन दिया गया था।
इसके झांसे में आकर अभिषेक ने 21 जनवरी 2021 को आरोपी की कंपनी के खाते में 1 लाख 98 हजार रुपये जमा किए। इसके अलावा फोन-पे के जरिए अलग-अलग किस्तों में करीब पांच लाख रुपये, अपनी बहन के खाते से दो लाख रुपये तथा अमरावती स्थित अपने निवास पर दो लाख रुपये नकद दिए। मुंबई में आरोपी के बताए स्थान पर भी चार लाख रुपये सौंपे। इस तरह कुल 15 लाख रुपये निवेश किए।
शिकायत के मुताबिक, निवेश के बाद आरोपी ने अभिषेक को सेबी के चालान और नोटिस भेजे। मुंबई स्थित सेबी कार्यालय में जांच कराने पर ये दस्तावेज फर्जी होने की जानकारी मिली। इसके बाद अभिषेक ने रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी टालमटोल करने लगा और फोन उठाना बंद कर दिया।
मुंबई स्थित आरोपी के घर पहुंचने पर उसकी मां रजनी निखालजे ने कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। बाद में आरोपी ने 50 लाख रुपये का एचडीएफसी बैंक का चेक दिया। अभिषेक ने चेक अमरावती की भारतीय स्टेट बैंक की कैंप शाखा में जमा किया, लेकिन स्टॉप पेमेंट के कारण चेक अनादरित हो गया।
इसके बाद अभिषेक ने आर्वी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420, 406, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस हवलदार रमेश पर्वत मामले की जांच कर रहे हैं।
