Nagpur नागपुर, 9 अक्टूबर 2026
चंद्रपुर जिले के भद्रावती तहसील के गवराला में गुरुवार, 8 अक्टूबर की शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की जान बाल-बाल बच गई. तेज रफ्तार बाइक ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर सीधे कार की छत पर जा गिरा. गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई.
शाम करीब सात बजे गवराला में ठमके के घर के पास यह घटना हुई. भद्रावती से रेलवे स्टेशन रोड होते हुए गवराला की ओर जा रहे किराना दुकान से जुड़े एक युवक की बाइक आगे चल रही कार से टकरा गई. हादसे में श्रीराम नगर निवासी कार मालिक के वाहन का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. बाइक सवार को गंभीर चोटें नहीं आने की जानकारी है.
इस मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक चलाने, युवाओं की कथित स्टंटबाजी और दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. नशे की हालत में वाहन चलाने को लेकर भी शिकायतें सामने आती रही हैं.
नागरिकों ने भद्रावती पुलिस और यातायात विभाग से तेज रफ्तार वाहन चालकों पर सख्ती करने, नियमित जांच बढ़ाने और यातायात नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन जागेगा क्या?
