फर्जी कस्टमर केयर ने उड़ा दिए 94,998 रुपए

Wardha वर्धा, 20 सितम्बर 2026
पेटीएम (यूपीआई) एप्प बंद होने के बाद गूगल पर कस्टमर सपोर्ट नंबर तलाशना एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को भारी पड़ गया. कस्टमर सपोर्ट के नाम पर अज्ञात व्यक्ति से संपर्क करने के बाद साइबर ठगों ने उनके मोबाइल का दुरुपयोग करते हुए एसबीआई खाते से 94,998 रुपए दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए. इस मामले में वर्धा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

जाकिर हुसैन कॉलोनी निवासी गुलाम मुर्तुजा गुलाम नबी शेख का भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में बचत खाता है. 12 सितंबर की रात करीब 8 बजे उनके मोबाइल में पेटीएम (यूपीआई) एप्प काम करना बंद हो गया. इसके बाद उन्होंने गूगल ब्राउजर पर कस्टमर सपोर्ट नंबर सर्च किया. सर्च के दौरान मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क कर उन्होंने एप्प बंद होने की जानकारी दी.

इसी दौरान उनके व्हाट्सएप्प पर एक अनजान नंबर से ‘हाय’ का मैसेज आया. शेख ने भी उस मैसेज का जवाब दिया. इसके बाद साइबर ठगों ने उनके मोबाइल को निशाना बनाया.

13 सितंबर की सुबह करीब 9.25 बजे शेख ने फोनपे एप्प के माध्यम से अपने एसबीआई खाते का बैलेंस चेक किया. उस समय खाते में रकम सुरक्षित थी. हालांकि, कुछ समय बाद उनका मोबाइल दोबारा काम करना बंद हो गया. उसी दिन शाम को एटीएम पर जाकर खाते की जांच करने पर उन्हें खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिली.

मामला संदिग्ध लगने पर 14 सितंबर को उन्होंने साइबर कार्यालय, वर्धा में शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान सामने आया कि उनके एसबीआई खाते से आईडीबीआई बैंक के एक खाते में दो अलग-अलग बार रकम ट्रांसफर की गई थी. पहली बार 49,999 रुपए और दूसरी बार 44,999 रुपए निकाले गए. इस तरह कुल 94,998 रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई.

शिकायत के आधार पर वर्धा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा लेन-देन से जुड़े बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!