दामिनी पथक को मिलीं 25 न्यू मोपेड

  • महिला सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
  • छेड़छाड़ की घटनाओं पर लगेगा अंकुश
  • महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढी
  • वर्धा में sp अग्रवाल की पहल


महिला सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
छेड़छाड़ की घटनाओं पर लगेगा अंकुश
महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढी

wardha वर्धा, 10 सितंबर 2026
महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने तथा उनकी शिकायतों पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए वर्धा जिला पुलिस दल ने दामिनी पथक की कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में विशेष कदम उठाया है. जिला नियोजन समिति, वर्धा के सहयोग से दामिनी पथक को उपलब्ध कराई गई 25 TVS Jupiter दोपहिया वाहनों का हस्तांतरण समारोह गुरुवार, 10 सितंबर को पुलिस मुख्यालय के कवायद मैदान में जिलाधिकारी वान्मथी सी. के हाथों संपन्न हुआ.

महिला सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने, स्कूल-कॉलेज, बाजार, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थानों तथा महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने के लिए इन वाहनों का उपयोग किया जाएगा. वर्धा शहर, हिंगणघाट, आर्वी और पुलगांव पुलिस थानों को दो-दो दोपहिया वाहन दिए गए हैं. अन्य पुलिस थानों को एक-एक तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के दामिनी पथक को दो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं.

इन वाहनों के माध्यम से दामिनी पथक आवश्यक स्थानों पर तेजी से पहुंच सकेगा. साथ ही महिलाओं और युवतियों से संवाद कर उनकी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, छेड़छाड़ अथवा सुरक्षा को खतरा पैदा करने वाली घटनाओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करना संभव होगा.

दामिनी पथक के माध्यम से महिला सुरक्षा को लेकर जनजागृति, प्रतिबंधात्मक गश्त और शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया पर विशेष जोर दिया जाएगा. कार्यक्रम में जिलाधिकारी वान्मथी सी. ने महिलाओं और युवतियों को कानूनी अधिकार, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में मार्गदर्शन किया.

पुलिस अधीक्षक सौरभकुमार अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस दल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से न घबराने और तत्काल दामिनी पथक हेल्पलाइन नंबर 7620520025 अथवा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने का आह्वान किया.

कार्यक्रम में SP सौरभ कुमार अग्रवाल, ASP सदाशिव वाघमारे, परिवीक्षाधीन जिलाधिकारी शोभिका पाठक, उपप्रादेशिक परिवहन अधिकारी स्नेहा मेंडे, महिला एवं बाल विकास अधिकारी तृप्ती चव्हाण सहित जिले की महिला पुलिस अधिकारी, महिला पुलिसकर्मी, महाविद्यालयों की प्राध्यापिकाएं और छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं. कार्यक्रम का प्रास्ताविक उपविभागीय पुलिस अधिकारी वंदना कारखेले ने किया, जबकि आभार दामिनी पथक की प्रमुख माधुरी बाधाडे ने माना.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!