Nagpur नागपुर, 7 सितंबर 2026 :
बिजली उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सटीक बिलिंग का लाभ देने के लिए महावितरण की ओर से अत्याधुनिक स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से जारी है। इसी बीच बूटीबोरी उपविभाग के खापरी शाखा कार्यालय के अंतर्गत महावितरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्विस वायर बायपास कर बिजली चोरी के 14 मामले एक ही दिन में पकड़े हैं।
खास बात यह है कि इन सभी 14 उपभोक्ताओं के परिसरों में पहले से ही स्मार्ट मीटर लगाए गए थे। इसके बावजूद उपभोक्ताओं ने तकनीकी प्रणाली में सीधे हस्तक्षेप करने के बजाय मुख्य बिजली लाइन (इनकमिंग केबल) से वायर बायपास कर स्मार्ट मीटर को चकमा देने का प्रयास किया। इससे बिजली का उपयोग जारी रहा, लेकिन मीटर में एक भी यूनिट दर्ज नहीं हुई।
महावितरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने यह मामला उजागर किया है। पकड़े गए सभी 14 मामलों में चोरी की गई बिजली का आकलन कर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया फिलहाल युद्धस्तर पर जारी है। दोषी पाए गए उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत आपराधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद पूरे नागपुर परिमंडल के औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों में बिजली चोरी के खिलाफ जांच अभियान और तेज किया गया है। शांतिनगर क्षेत्र में भी बिजली चोरी के 4 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा भुतिया दरवाजा, गांधीबाग, गोंडखैरी, भिवापुर, चापेगड़ी, सालवा और गोवरी में एक-एक तथा खापा में 2 बिजली चोरी के मामले उजागर हुए हैं।
नागपुर परिमंडल के मुख्य अभियंता राजेश नाईक ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के प्रलोभन का शिकार न हों और केवल अधिकृत तरीके से बिजली का उपयोग करें।
