खेत में जा रहे किसान को बाघ…

  • अभी अभी की घटना
  • रायपुर में बाघ के हमले में किसान की मौत

Wardha वर्धा : वर्धा जिले के बोर टाइगर रिजर्व प्रोजेक्ट के समीप रायपुर (जंगली) शिवार में बुधवार शाम करीब 4 बजे दिनदहाड़े बाघ ने हमला कर एक किसान को मौके पर ही मार डाला । मृत किसान की पहचान रायपुर जंगली निवासी भगवानजी धुर्वे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भगवानजी धुर्वे हमेशा की तरह खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पांदण रास्ते पर बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले आमगांव जंगली निवासी किसान खोब्रागड़े पर उनके खेत में बाघ ने हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा जुलाई-अगस्त में एक चरवाहे पर भालू ने हमला किया था। लगातार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र के नागरिकों में भय का वातावरण है।

परिसर के ग्रामस्थों का कहना है कि यदि बोर टाइगर रिजर्व के प्रस्तावित पुनर्वासित गांवों का समय पर स्थानांतरण और पुनर्वास किया गया होता, तो वन्यप्राणियों को विचरण के लिए पर्याप्त क्षेत्र उपलब्ध हो सकता था और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में कमी आती।

बोर टाइगर रिजर्व के गरमसूर मुख्य गाभा क्षेत्र के कोर जोन में स्थित गांवों की पुनर्वास संघर्ष समिति की ओर से पिछले महीने निवेदन देकर मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं की ओर शासन और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया था। पालकमंत्री और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को निवेदन सौंपकर संबंधित गांवों के तत्काल पुनर्वास और स्थानांतरण की मांग की गई थी। हालांकि, अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामस्थों में नाराजगी है।

बुधवार को एक बार फिर किसान की बाघ के हमले में मौत होने के बाद ग्रामस्थों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेने और बोर टाइगर रिजर्व के मुख्य गाभा क्षेत्र में स्थित गांवों का बिना विलंब पुनर्वास एवं स्थानांतरण करने की मांग की है।

मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए शासन और जिला प्रशासन द्वारा तत्काल ठोस उपाययोजना किए जाने की मांग भी की गई है। साथ ही, मृत किसान के परिवार को शासन की नियमानुसार 25 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!