- शिकायत में लगाया गया आरोप
- रामनगर पुलिस में मामला दर्ज
- दिल्ली के 3 पर केस दर्ज
wardha वर्धा, 7 सितंबर 2026
दुबई यात्रा के लिए हवाई टिकट बुक कराने के नाम पर एक युवक से 3.25 लाख रुपये ऑनलाइन लेने के बाद कथित रूप से ठगी करने का मामला सामने आया है. इस मामले में रामनगर पुलिस ने दिल्ली निवासी तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है.
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सागर प्रदीप मिश्रा (26), निवासी राष्ट्रभाषा रोड, रामनगर, वर्धा ने 6 सितंबर को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पुणे की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है. परिवार के साथ दुबई घूमने जाने की योजना बनने के बाद उसने 25 अक्टूबर 2025 को ऑनलाइन ‘ट्रैवल लैंड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ नामक ट्रैवल एजेंसी से संपर्क किया.
शिकायत के अनुसार, एजेंसी से जुड़े प्रग्रा शर्मा, विवेक कुमार सिंह और नीरज नामक व्यक्तियों ने पांच लोगों के दुबई जाने के हवाई टिकट के लिए प्रति व्यक्ति 65 हजार रुपये के हिसाब से कुल 3.25 लाख रुपये मांगे. इसके बाद शिकायतकर्ता ने अलग-अलग फोन-पे और गूगल-पे खातों के माध्यम से आरोपियों को पूरी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी.
रकम मिलने के बाद आरोपियों ने फोन कर बुकिंग की तारीख बदलने तथा वीजा बदलने के लिए कहा. इस पर शिकायतकर्ता को संदेह हुआ और उसने टिकट रद्द कर रकम वापस मांगी. आरोपियों ने उनका बैंक अकाउंट फ्रीज होने की बात कहते हुए अकाउंट शुरू होने के बाद रकम लौटाने का आश्वासन दिया. इसके बाद कुछ दिनों तक संपर्क नहीं हुआ और मोबाइल नंबर भी बंद मिलने लगे.
ठगी का संदेह होने पर शिकायतकर्ता ने 8 मार्च 2026 को साइबर सेल, वर्धा में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत क्रमांक 21901260006116 है. कई महीनों तक रकम वापस नहीं मिलने पर उसने 6 सितंबर को रामनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
