Nagpur नागपुर 21 अक्टूबर 2026
विदर्भ के चंद्रपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 2 नाबालिक बालकों का रेस्क्यू ऑपरेशन किया। दोनों भी बच्चे घर में माता पिता से नाराज होकर घर से निकल गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक नितिन अवसरमल रेलवे स्टेशन चंद्रपुर पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 के नागपुर छोर पर एक नाबालिग लड़की सहमी हुई एवं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। महिला आरक्षक सुनीता की उपस्थिति में उससे पूछताछ की गई। प्रारंभ में वह घबराई हुई थी, लेकिन उसे विश्वास में लेकर सहयोगपूर्वक पूछताछ करने पर उसने स्वयं को 14 वर्षीय नाबालिग बताया।
इसी दौरान प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 स्थित सामान्य प्रतीक्षालय (जनरल वेटिंग हॉल) में एक नाबालिग लड़का भी संदिग्ध अवस्था में पाया गया। उससे पूछताछ करने पर प्रारंभ में वह भी घबराया हुआ था। विश्वास में लेकर पूछने पर उसने अपनी आयु 17 वर्ष बताई।
दोनों नाबालिगों को नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया के लिए थाना चंद्रपुर ले जाया गया। वहां जिला चाइल्ड हेल्पलाइन, चंद्रपुर के सुपरवाइजर प्रदीप वैरागड़े एवं महिला केस वर्कर दीपाली मसराम की उपस्थिति में पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को अपने माता-पिता से नाराज होकर घर से निकले थे और ट्रेन क्रमांक 12791 से चंद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।
दोनों नाबालिगों का नियमानुसार चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया तथा आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी की गई। इसके बाद दो पंचों की उपस्थिति में सुपुर्दगी पंचनामा तैयार कर दोनों को सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन, चंद्रपुर के सुपुर्द किया गया।
