Wardha वर्धा, 21 अक्टूबर 2026
मेहनत, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर वर्धा पुलिस दल की महिला पुलिसकर्मी सुनयना डोंगरे ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है । हरियाणा के मधुबन, करनाल में आयोजित 75वीं अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता में उन्होंने बॉडी बिल्डिंग के महिला 55 किलोग्राम से अधिक वजन वर्ग में रजत पदक जीतकर महाराष्ट्र और वर्धा पुलिस का गौरव बढ़ाया । उनकी इस उपलब्धि ने अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का रास्ता खोल दिया है ।
अब पर्थ में दिखाएंगी दमखम
23 से 27 सितंबर 2026 के दौरान आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सुनयना का चयन ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में होने वाली विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल प्रतियोगिता 2027 के लिए किया है । राष्ट्रीय स्पर्धा में मिली सफलता के बाद अब उनसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है ।
पुलिस विभाग ने किया सम्मानित
सुनयना की उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे, पुलिस उपाधीक्षक (गृह) प्रमोद मकेश्वर, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी, मजीद बशीर शेख और खेल प्रशिक्षक राजू उमरे ने पुष्पगुच्छ देकर उनका सम्मान किया तथा आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं ।
