दहीहांडी फिर आकर्षण बनेगी वर्धा में

  • शास्त्री चौक में 5 सितंबर को आयोजन
  • इंडियन फोक डांस
  • राधा-कृष्ण वेशभूषा स्पर्धा

Wardha वर्धा , 3 सितम्बर
जिले में सन 2005 से आकर्षण का केंद्र रही विदर्भस्तरीय दहीहांडी स्पर्धा इस वर्ष 5 सितंबर को भव्य रूप में आयोजित की जाएगी. नवदुर्गा सोशल सांस्कृतिक क्रीड़ा मंडल, वर्धा तथा अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद–राष्ट्रीय बजरंग दल की ओर से आयोजित इस स्पर्धा में दहीहांडी के साथ इंडियन फोक डांस और बच्चों के लिए राधा-कृष्ण वेशभूषा स्पर्धा भी होगी. आयोजन की तैयारियों में 400 से अधिक कार्यकर्ताओं की टीम जुटी है.

राष्ट्रीय बजरंग दल के विदर्भ प्रांत अध्यक्ष अनुप जायसवाल ने जिला कार्यालय में आयोजित पत्र परिषद में यह जानकारी दी. इस अवसर पर संगठन के विभाग मंत्री रमेश शर्मा, अंकुश ठाकुर, भारत आमले, संजय शर्मा, पवन कुकरेजा, राजेश ठाकुर, सौरभ पांडे, स्वप्निल ठाकुर सहित पदाधिकारी उपस्थित थे.

दहीहांडी विजेता को 1,11,111 रुपये

शास्त्री चौक में 5 सितंबर को दोपहर 2 से रात 8 बजे तक होने वाली दहीहांडी स्पर्धा में प्रथम पुरस्कार 1,11,111 रुपये, द्वितीय 51,111 रुपये तथा तृतीय 31,111 रुपये रखा गया है. प्रथम पुरस्कार स्व. मां अंजना सुभाषचंद्रजी जायसवाल की स्मृति में प्रदान किया जाएगा. दहीहांडी स्पर्धा का प्रवेश शुल्क 1,000 रुपये है.

फोक डांस में भी नकद पुरस्कार

इंडियन फोक डांस स्पर्धा के विजेता को 15 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 11 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को 7 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. इसके अलावा 1,500 रुपये के प्रोत्साहन पुरस्कार भी रखे गए हैं.

बच्चों के लिए राधा-कृष्ण वेशभूषा स्पर्धा

आयोजन के तहत बच्चों के लिए विशेष राधा-कृष्ण वेशभूषा स्पर्धा दोपहर 12 से 2 बजे तक होगी. इसमें प्रथम 50 प्रतिभागियों को प्राथमिकता दी जाएगी. आयोजन समिति ने बताया कि स्पर्धा के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई थी.

स्पर्धा में सहभागिता के लिए राष्ट्रीय बजरंग दल कार्यालय, चिराग होटल के सामने, शास्त्री चौक, वर्धा में संपर्क किया जा सकता है. अधिक जानकारी के लिए साहिल परियाल, अंकुश ठाकुर, अभिजीत कठाणे और उत्कर्ष पुसदकर सहित आयोजन समिति के सदस्यों से संपर्क करने की अपील की गई है.

आयोजक अनुप जायसवाल ने नागरिकों से परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित होकर उत्सव की शोभा बढ़ाने का आह्वान किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!