Mumbai मुंबई, 28 सितंबर 2026
बीड जिले के भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर आदर्श जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय, हिवरापहाड़ी (केंद्र जरूड), तहसील बीड की छोटी छात्राओं की ‘बॉटल माइक’ सोशल मीडिया रिपोर्टिंग का आखिरकार उपमुख्यमंत्री एवं बीड जिले की पालकमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने तत्काल संज्ञान लिया है. “हमें अधिकारी बनना है, आप सिर्फ शिक्षक दीजिए…” ऐसी गुहार लगाने वाली इन छात्राओं को सुनेत्रा पवार ने तुरंत प्रतिक्रिया दी.
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के आदेश के बाद बीड जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्यालय और शिक्षा विभाग तत्काल एक्शन मोड में आ गया. वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशानुसार शिक्षक शिवाजी जोगदंड की हिवरापहाड़ी स्कूल में नियुक्ति की गई है.
हिवरापहाड़ी के दुर्गम क्षेत्र स्थित स्कूल में पिछले कुछ दिनों से गणित, विज्ञान और कंप्यूटर जैसे महत्वपूर्ण विषयों के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं थे. इसका समाधान निकालने के लिए यहां की छोटी छात्राओं ने पानी पीने वाली प्लास्टिक बोतल को माइक बनाकर सीधे कक्षा से ही एक मॉक न्यूज रिपोर्ट प्रस्तुत की थी. यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस वीडियो का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने बीड जिला प्रशासन को तत्काल उपाययोजना करने के निर्देश दिए.
