Nagpur

वर्धा के सांसद ने अमित शाह से कहा...

विदर्भ अपडेट
०८ एप्रि २०२५, ०५:०९ सायं.
विदर्भ अपडेट

Wardha वर्धा, 8 अप्रैल
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के सांसद अमर काले ने वर्धा जिले में दारूबंदी को सख्ती से लागू करने की मांग को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपा।

काले ने कहा कि वर्धा, जहां महात्मा गांधी का सेवाग्राम आश्रम, विनोबा भावे का पवनार आश्रम और राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज की कर्मभूमि है, पवित्र भूमि मानी जाती है, और यहां पूर्ण दारूबंदी लागू है।

इसके बावजूद जिले में बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी हो रही है। नागपुर, चंद्रपुर, यवतमाल, अमरावती और मध्यप्रदेश जैसे इलाकों से अवैध रूप से शराब लाई जाती है।

वर्धा में खुलेआम अवैध भट्टियाँ चल रही हैं, जहां से सस्ती और जहरीली शराब बनाकर बेची जाती है। इससे गरीब तबका गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का शिकार हो रहा है, कई घर उजड़ चुके हैं और अनगिनत बच्चे अनाथ हो गए हैं।

सांसद काले ने यह भी बताया कि जिले में 'एमडी' नामक मादक पदार्थ का चलन युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है। यह नशा आसानी से शहर और गांवों में उपलब्ध है, जिससे युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर जा रही है। उन्होंने चिंता जताई कि पानठेलों और घरों तक में शराब बेची जा रही है, और एमडी जैसी घातक ड्रग्स खुलेआम सड़कों पर बिक रही है।

नशे के कारण पारिवारिक कलह, हिंसा, और हत्याएं बढ़ रही हैं। महिलाएं व बच्चों की हालत दयनीय है। काले ने मांग की कि पुलिस को और सख्त किया जाए, तस्करी पर रोक लगे और स्थानीय अवैध भट्टियाँ बंद की जाएँ, ताकि वर्धा का गौरव बना रहे और भविष्य की पीढ़ियाँ नशे से बच सकें।

Must read* पुलिस कर्मचारी वैद्य की मृत्यु पर सभी की आंखे हुई नम, पत्नी , दो मृत बच्चों संग अंतिम विदाई https://vidarbhaupdate.com/?p=3148

टॅग्ज: #Local News #e-News #Politics #LTT News
ही बातमी शेअर करा: