दो साल बैंक के कब्जे में रही कंपनी से 44.28
कंपनी से 44 लाख का सामान गायब
Wardha वर्धा, 3 नवंबर 2026
तहसील के सावलीपुर स्थित हिंदुस्तान सेमीकंडक्टर्स लिमिटेड कंपनी से करीब 44 लाख 28 हजार रुपए का सामान गायब होने की शिकायत कंपनी के डायरेक्टर अजय कदम (59) ने आर्वी पुलिस थाने में दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
शिकायत के अनुसार, अजय कदम 2014 से कंपनी में डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं. कंपनी में एलईडी डिवाइस बनाने के लिए जापान और सिंगापुर से विभिन्न मशीनें और उनके स्पेयर पार्ट्स मंगाए गए थे. इसके लिए कंपनी ने नागपुर के बैंक से 8 करोड़ रुपए कर्ज लिया था. लेकिन कर्ज न चुकाने से बैंक ने 18 अक्तूबर 2024 को कंपनी की इमारत और मशीनरी का कब्जा ले लिया था. लेकिन एकमुश्त कर्ज चुकाने के बाद 27 अक्तूबर 2026 को कंपनी की संपत्ति कर्जमुक्त कराई गई. बैंक ने 30 अक्तूबर को नो ड्यूज प्रमाणपत्र जारी कर कंपनी की चाबियां कदम को सौंप दीं.
इसके बाद कंपनी की जांच करने पर कई मशीनों के महत्वपूर्ण पार्ट्स और अन्य सामान गायब मिले. इनमें स्विच बोर्ड के केबल, पांच एसी, डीप फ्रीजर के पार्ट्स, इलेक्ट्रिक पैनल के पुर्जे, एयर हैंडलिंग यूनिट के पार्ट्स, 39 एलईडी पैनल लाइट, पांच सीलिंग फैन, एमसीबी बॉक्स की केबल, डाय बॉन्डर, सॉर्टिंग और टेपिंग मशीनों की केबल हार्नेस, लीड फ्रेम मैगजीन तथा सिलिकॉन डाइज सहित कुल 44.28 लाख रुपए का सामान शामिल है.
शिकायतकर्ता के अनुसार, बैंक ने 18 अक्तूबर 2024 को कब्जा लेते समय मशीनरी का पंचनामा तैयार किया था. कंपनी की सुरक्षा के लिए चार सुरक्षा गार्ड तैनात थे तथा बैंक के अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण भी करते थे. इसके बावजूद बैंक के कब्जे के दौरान सामान गायब हुआ. इसके अलावा कंपनी की मशीनरी, इमारत की पीओपी, मेटल की छत और संपूर्ण वायरिंग को भी नुकसान पहुंचाया गया है. इससे करीब दो करोड़ रुपए का अतिरिक्त नुकसान होने का दावा शिकायत में किया गया है. मामले की जांच आर्वी पुलिस कर रही है.