अकोला, बुलढाणा से आकर वर्धा में चोरी की
Wardha वर्धा, 3 नवंबर 2026
जिले के आर्वी बस स्टैंड पर भीड़ के दौरान एक बुजुर्ग यात्री की जेब से 37 हजार रुपये चोरी होने के मामले में आर्वी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से चोरी की रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार जब्त की है.
पुलिस के अनुसार, जलगांव (बेलोरा) निवासी मुकुंद बालकृष्ण नांदुरकर (72) ने 22 अक्टूबर को बैंक ऑफ इंडिया की आर्वी शाखा से 47 हजार रुपये निकाले थे. इनमें से 10 हजार रुपये किराना दुकानदार को देने के बाद शेष 37 हजार रुपये पैंट की जेब में रखे थे. घर जाने के लिए आर्वी बस स्टैंड पहुंचे नांदुरकर बस में चढ़ रहे थे. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनकी जेब से नकदी निकाल ली. शिकायत के आधार पर 27 अक्टूबर को आर्वी थाने में मामला दर्ज किया गया.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज, गोपनीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें मामले में गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों में अंबादास सुखदेव सालोकार (44), अश्पाक पठाण उस्मान पठाण (45), शोहेब खां इस्माइल खां (24), तीनों निवासी बुलढाणा जिला, तथा संतोष भाऊराव शिंदे (38), निवासी मुर्तिजापुर, जिला अकोला शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की 37 हजार रुपये की रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई ग्रे रंग की स्विफ्ट कार (एमएच 37 जी 8288), जिसकी कीमत 6.37 लाख रुपये बताई गई है, जब्त की है. चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस हिरासत प्राप्त की गई है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी वंदना कारखेले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक सतीश डेहनकर के नेतृत्व में डीबी टीम ने साइबर सेल की सहायता से की. मामले की जांच जारी है.