आर्वी में पकड़ा गया नागपुर का रेती चोर
Wardha आर्वी, 1 नवंबर 2026
आर्वी में पुलिस ने एक ऐसे ट्रक को रेती तस्करी में पकड़ा हैं, जिस पर आरटीओ का पहले ही 83500 रुपयों जुर्माना ठोंका गया है.
पुलिस कर्मचारी प्रदीप खंडाले की शिकायत के अनुसार, सुबह 10 बजे ड्यूटी पर तैनात थे. तब तेज गति से आ रहे बिना नंबर के ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की गई. चालक ने अपना नाम मोहम्मद आकिब हशम बताया. ट्रक में रेत होने की जानकारी दी, लेकिन रेत की रॉयल्टी और वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.
पुलिस ने ट्रक के चेसिस नंबर की जांच की, लेकिन इंजन नंबर दिखाई नहीं दिया. वाहन मालिक की जानकारी भी चालक नहीं दे सका. इसके बाद पुलिस ने ट्रक तहसील कार्यालय के सुपुर्द किया और तहसीलदार को दंडात्मक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा.
उपप्रादेशिक परिवहन अधिकारी, वर्धा ने 19 अक्टूबर को वाहन की जांच कर उसका पंजीयन क्रमांक एमएच-40 बीजी 7270 तथा मालिक का नाम एहसान खान लुकमान खान, निवासी मेवतपुरा, खोल्हापुर, तहसील भातकुली, जिला अमरावती बताया. रेत सहित ट्रक का वजन 71 टन 310 किलोग्राम पाया गया. आरटीओ ने वाहन पर 83,500 रुपये का जुर्माना भी लंबित बताया था.
इस बीच तहसीलदार तथा तालुका दंडाधिकारी, आर्वी के 29 अक्टूबर के आदेश की प्रति 30 अक्टूबर को पुलिस थाने में प्राप्त हुई. आदेश में वाहन मालिक द्वारा 2 लाख 72 हजार 600 रुपये का दंड भरने की जानकारी देते हुए शासन के 11 जुलाई 2025 के परिपत्र के अनुसार फौजदारी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की.