विदर्भ

सेलू के पास हादसा एक ही परिवार के 3 की मौत

विदर्भ अपडेट
२० ऑग २०२५, ०२:४७ सायं.
विदर्भ अपडेट
  • एक गंभीर घायल
  • आमगांव फाटा के समीप घटना
  • बुधवार की शाम की घटना

wardha वर्धा,20 अगस्त
वर्धा-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम 5.45 बजे एक भीषण सड़क हादसे में माँ सहित पुत्र और पुत्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फट गया और पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्धा के पंजाब कॉलोनी निवासी जुनघरे परिवार नागपुर जा रहा था। उनकी कार (क्रमांक MH 43 BN 1986) जैसे ही खडकी-आमगांव फाटे पर पहुँची, अचानक टायर फटने से चालक का नियंत्रण छूट गया और कार बीच सड़क पर आ गई। उसी क्षण पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी। धक्का इतना भीषण था की कार डिवाइडर से टकराकर उलटते हुए सड़क से नीचे जा गिरी।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर जुटे और घायलों को सेवाग्राम अस्पताल पहुँचाया। वहीं सिंदी रेलवे पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

इस दर्दनाक हादसे में वैशाली जयंत जुनघरे (49), आस्था जयंत जुनघरे (19) और सोनू जयंत जुनघरे (24) की मृत्यु हुई। जबकि जयंत वासुदेव जुनघरे (55) गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है। सिंदी रेलवे पुलिस आगे की जांच कर रही है।

ही बातमी शेअर करा: