वर्धा

पहलगांम आतंकी हमले के विरोध में राष्ट्रीय बजरंग दल का प्रदर्शन

विदर्भ अपडेट
२३ एप्रि २०२५, १२:३५ सायं.
विदर्भ अपडेट
बातमीचा फोटो

Wardha वर्धा, 23 अप्रैल
जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगांम में हुए आतंकवादी हमले में निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या से देशभर में आक्रोश फैल गया है। इस जघन्य घटना के विरोध में राष्ट्रीय बजरंग दल ने बुधवार, 23 अप्रैल को दोपहर 3 बजे जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने इस आतंकी हमले को केवल एक हिंसक घटना नहीं, बल्कि भारत के बहुसंख्यक समाज की धार्मिक स्वतंत्रता, पहचान और गरिमा पर सीधा आघात बताया। इस अवसर पर जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें निम्नलिखित मांगें की गईं:

सभी आतंकवादियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उन्हें कठोरतम दंड, अर्थात मृत्युदंड दिया जाए।

जम्मू-कश्मीर में हिंदू यात्रियों व पर्यटकों की सुरक्षा के लिए स्थायी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मृतकों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा प्रदान की जाए।

धार्मिक स्थलों और यात्राओं की सुरक्षा हेतु एक एकीकृत राष्ट्रीय सुरक्षा नीति बनाई जाए।

धार्मिक आधार पर की गई किसी भी हिंसा को राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में लाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

देश में चल रहे संदिग्ध मदरसों पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए, जिन पर आतंकवाद फैलाने का संदेह है।

प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के विदर्भ प्रांत अध्यक्ष अनुप जायस्वाल, अहिंप विभाग के महामंत्री सतीश मिश्रा, जिलाध्यक्ष साहिल परियाल, जिलामंत्री अंकुश ठाकुर, शहर कार्याध्यक्ष कपिल बैसवार, उत्कर्ष पुसदकर, वैभव निवल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, परंतु भावनाएं तीव्र और स्पष्ट थीं—आतंकवाद के विरुद्ध अब और सहन नहीं।

टॅग्ज: #Local News #e-News #LTT News
ही बातमी शेअर करा: